नियमित मानदेय की मांग को लेकर पैरावेट पशु मित्रों ने कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी

असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। ऑल पैरावेट पशु मित्र कार्य सेवा समिति, सिद्धार्थनगर ने नियमित मानदेय की मांग पूरी न होने पर एफएमडी टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्य के बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस संबंध में समिति के जिलाध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के पैरावेट पशुमित्र, लेमेन इंसेमिनेटर एवं मैत्री कई वर्षों से नियमित मानदेय की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि 14 जुलाई 2025 को मंत्री स्तर से नियमित मानदेय का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद प्रमुख सचिव के निर्देश पर पशुपालन विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर 13 जनवरी 2026 को शासन को भेज दिया, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। समिति का आरोप है कि कई बार ज्ञापन देने और अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे प्रदेशभर के पैरावेट कर्मियों में भारी नाराजगी है।
संगठन ने बताया कि 23 जुलाई 2026 को प्रदेश के पैरावेट पशुमित्र, लेमेन इंसेमिनेटर एवं मैत्री पशुपालन निदेशालय लखनऊ से विधानसभा तक पदयात्रा करेंगे तथा जीपीओ पार्क में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन के दौरान किसी भी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पाण्डेय, जिला सचिव राज कपूर यादव, जिला मंत्री लालसा, जिला कोषाध्यक्ष रामनरेश, सदस्य दीपेंद्र कुमार, सुरेश यादव, किशलय श्रीवास्तव, संचित पाण्डेय, कृष्ण कुमार दूबे, साहबदीन, शिवचंद्र, शंकर भट्ट, जय प्रकाश श्रीवास्तव, दीपेंद्र ,राम प्रताप चौधरी, राम प्रवेश,सुनील, दिवाकर चौरसिया, मनीष चौधरी, पंकज कुमार यादव तथा प्रदीप कुमार तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


