हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 20 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। जनपद में हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक हज यात्री निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए मशीन रीडेबल पासपोर्ट होना अनिवार्य है। पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए। हस्तलिखित पासपोर्ट मान्य नहीं होगा। ये जानकारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज कुमार अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि आवेदन के दौरान पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, पासपोर्ट आकार का फोटो, एड्रेस प्रूफ व बैंक खाते का विवरण अपलोड करना होगा। हज-2027 में यात्रियों को 40 दिन की सामान्य हज यात्रा और 20 दिन की अल्प अवधि हज यात्रा का विकल्प दिया गया है। 20 दिन की यात्रा के लिए केवल सात एम्बार्केशन प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं।महिला यात्रियों के लिए विशेष सुविधा
एक आवेदन में अधिकतम पांच लोग शामिल हो सकते हैं, लेकिन सभी एक ही श्रेणी के होने चाहिए व प्रत्येक का स्वयं का मोबाइल नंबर दर्ज करना आवश्यक होगा। महिला यात्रियों के लिए भी इस बार विशेष सुविधा दी गई है। 65 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं बिना मेहरम के भी आवेदन कर सकेंगी।आवेदन की प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन के बाद उसका प्रिंट आउट लेकर निर्धारित अभिलेखों के साथ राज्य हज समिति में जमा करना होगा। बताया कि जनपद में हज आवेदकों की सुविधा के लिए पांच हज ई-सुविधा केंद्र सक्रिय किए गए हैं। यहां ऑनलाइन आवेदन भरने, दस्तावेज अपलोड कराने व अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




