भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का जनपद मे प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत, बोले— 2017 से बड़ी जीत का लक्ष्य

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का बुधवार को सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय पर प्रथम आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नगरपालिका अध्यक्ष गोविन्द माधव एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र प्रताप सिंह सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
चिलचिलाती धूप के बावजूद हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा। स्वागत समारोह के बाद भाजपा जिला कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण जिला बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।
मीडिया से बातचीत करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को वर्ष 2017 से भी अधिक सीटों पर विजय दिलाकर नया इतिहास रचने का है। इसके लिए वे क्षेत्र के प्रत्येक मंडल में प्रवास करेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद स्थापित कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विनोद राय जमीन से जुड़े हुए नेता हैं और हमेशा कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। उनके नेतृत्व से संगठन को नई ऊर्जा मिली है, जिसका सकारात्मक प्रभाव आने वाले समय में स्पष्ट दिखाई देगा।
भव्य स्वागत समारोह और कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी ने यह संदेश दिया कि सिद्धार्थनगर में भारतीय जनता पार्टी का संगठन मजबूत, सक्रिय और एकजुट होकर आगामी चुनावी तैयारियों में जुटा हुआ है।




