खुदाई में मिले चांदी के ऐतिहासिक सिक्के

बिजनौर : कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव करौंदा चौधर में खुदाई के दौरान पौराणिक सिक्के मिले हैं। पुलिस ने सिक्कों को कब्जे में लेकर जिला प्रशासन को सूचना दी है। सिक्के पुरातत्व विभाग को भेजे जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव करौंदा चौधर में मनरेगा के अंतर्गत कब्रिस्तान की दीवार बनाई जा रही थी। रोजगार सेवक के दिशा निर्देशन में काम चल रहा था। तभी एक मजदूर को खुदाई के दौरान मिट्टी की एक हांडी मिली। हांडी को खोलने पर उसमें से 15 सफेद रंग के पौराणिक सिक्के मिले। देखकर लगता है कि सिक्के चांदी के हैं। ग्राम प्रधान इकरार अंसारी को सूचना दी गई। इकरार अंसारी ने थाना कोतवाली देहात में जानकारी दी।
सूचना पाकर मौके पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पहुंचे और सिक्कों को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को सूचना दे दी गई है। उच्च अधिकारियों के आदेश अनुसार कार्य किया जाएगा। सिक्कों पर अरबी भाषा में कुछ लिखा हुआ है।