अडींग क्षेत्र में डकैती के बाद बिजली आपूर्ति बाधित, किसानों में आक्रोश, ट्रांसफार्मर जल्द लगवाने की मांग
मथुरा/गोवर्धन। चौकी अडींग क्षेत्र अंतर्गत 3 जून 2026 की रात एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई। यहां राधिका निकुंजधाम कॉलोनी में अज्ञात डकैतों ने धावा बोलकर चौकीदारों को बंधक बनाया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद कॉलोनी में लगे दो बिजली ट्रांसफार्मरों से तांबा और अन्य कीमती उपकरण लूट लिए गए। यह स्थान कल्याणम करोति अस्पताल के पास स्थित बताया गया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे आसपास के कई गांवों—जैसे जचौदा, जिखनगांव, नगला परमोदरिया, कंचनपुरा और हरीपुरा—में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बिजली न आने से किसानों के ट्यूबवेल बंद पड़े हैं, जिससे धान की बुवाई कार्य पर गंभीर असर पड़ा है। इस कारण ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और प्रदर्शन की आशंका जताई जा रही है। अडींग चौकी प्रभारी प्रदीप भदौरिया ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए हम जल्द ही उच्च अधिकारियों से बात करेंगे और समस्या का समाधान कराया जाएगा। ट्रांसफार्मर शीघ्र ही लगवाया जाएगा ताकि क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल हो सके।
प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि क्षेत्र में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल हो सके। इस मौके पर अड़ींग चौकी प्रभारी प्रदीप भदोरिया सहित उप निरीक्षक विजय प्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल मानवेंद्र, विजय सिंह, अमित, राम सुंदर, देवेंद्र व अन्य पुलिस फोर्स मोजूद रहा।



