लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड पर पं. गोपाल शर्मा ने जताया शोक, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

वेलकम इंडिया राजेंद्र सिंह वरिष्ठ
हापुड़। ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश इकाई के प्रदेशाध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा ने लखनऊ के अलीगंज स्थित एक तीन मंजिला इमारत में संचालित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक हादसे में 15 युवाओं की मौत की खबर बेहद हृदयविदारक है, जिससे प्रदेशभर में शोक और आक्रोश का माहौल है।पंडित गोपाल शर्मा ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों और छात्राओं के परिजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि घायलों का निशुल्क और बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाएगी।प्रदेशाध्यक्ष ने प्रदेश में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बिजनौर के किरतपुर क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता द्वारा न्याय न मिलने पर आत्मदाह का प्रयास, हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र के सीखेड़ा में महिला पर चाकू से हमला, बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या तथा गोरखपुर में पारिवारिक विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है।
पंडित गोपाल शर्मा ने सरकार से मांग की कि प्रदेश में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, पीड़ितों को त्वरित न्याय मिले और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



