शहर-राज्य

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर सांसद जगदंबिका पाल ने गिनाई उपलब्धियां

असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद ने मोदी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, गरीब कल्याण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में 5.37 करोड़ से अधिक तथा उत्तर प्रदेश में 62 लाख से अधिक परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से देश के 81 करोड़ से अधिक तथा प्रदेश के 15 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत देश में 43.52 करोड़ से अधिक और उत्तर प्रदेश में 9.57 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से देश के 9.8 करोड़ तथा प्रदेश के 3.12 करोड़ से अधिक किसान परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
जगदंबिका पाल ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत देशभर में 58.3 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 10.58 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश में 15.9 करोड़ से अधिक ग्रामीण शौचालयों का निर्माण कराया गया है, जबकि जल जीवन मिशन के अंतर्गत करोड़ों घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना से महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण हुआ है तथा मुद्रा योजना ने स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया है। आधारभूत संरचना के क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, एक्सप्रेसवे निर्माण, ग्रामीण सड़क संपर्क और रेलवे के आधुनिकीकरण में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि देश में 162 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है तथा रेलवे का लगभग 99 प्रतिशत नेटवर्क विद्युतीकृत हो चुका है। उड़ान योजना के माध्यम से हवाई संपर्क का भी तेजी से विस्तार हुआ है।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है तथा इसी संकल्प के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button