थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें, भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित संपूर्ण थाना समाधान दिवस के तहत शनिवार को थाना सिद्धार्थनगर परिसर में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, वरासत, बंटवारा, अवैध कब्जा, पट्टा, नाली एवं चकमार्ग से जुड़े मामलों का मौके पर जाकर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई की जाए। डीएम ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने उपस्थित लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अधिशासी अधिकारी अजय सिंह, थानाध्यक्ष सिद्धार्थनगर, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




