ग़ाज़ियाबाद

साहिबाबाद की फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग, तीन घंटे की मशक्कत के बाद काबू; लाखों का सामान राख

गाजियाबाद। साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित एक फर्नीचर निर्माण फैक्ट्री में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया और वहां रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-4 स्थित एसएस फर्नीचर सोफा होम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि फैक्ट्री में सोफा और लकड़ी के फर्नीचर बनाने का कार्य किया जाता है तथा बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सुबह के समय अचानक निकली चिंगारी ने कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री के अंदर रखे कच्चे माल और तैयार उत्पादों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुआं दिखाई देने लगा और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया। दमकल विभाग ने आग बुझाने के लिए शुरुआत में दो जल तोप वाहनों को मौके पर भेजा, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन भी लगाने पड़े। आग के कारण फैक्ट्री परिसर में बने टीन शेड भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गए थे, जिससे दमकल कर्मियों को अंदर तक पहुंचने और आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। जेसीबी की मदद से गिरे हुए टीन शेड और मलबे को हटाया गया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने अंदर पहुंचकर आग पर प्रभावी तरीके से नियंत्रण शुरू किया। करीब तीन घंटे तक लगातार चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग को पूरी तरह बुझाया जा सका। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के अनुसार आग बुझाने में लगभग 10 गाडिय़ों के पानी का उपयोग किया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता और सतर्कता के कारण आग को आसपास की अन्य इकाइयों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी औद्योगिक दुर्घटना टल गई। हादसे में फैक्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फैक्ट्री मालिक सादुल के अनुसार आग में लाखों रुपये मूल्य का फर्नीचर, कच्चा माल और अन्य उपकरण जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा फैक्ट्री परिसर में खड़ी एक हुंडई वेन्यू कार, एक मोटरसाइकिल और डीजल जनरेटर सेट भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए। घटना के बाद अग्निशमन विभाग ने फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही औद्योगिक इकाइयों को विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन उपकरणों के रखरखाव को लेकर आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button