हिंदू स्वाभिमान संस्थान ने मेरठ विकास प्राधिकरण

उज्जवल रस्तौगी
मेरठ। हिंदू स्वाभिमान संस्थान ने मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) के कुछ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और अवैध निर्माण को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रवि भट्ट ने जारी प्रेस नोट में कहा कि एमडीए के अधिकारियों की कार्यशैली के कारण शहर में अवैध निर्माण लगातार बढ़ रहे हैं और उच्च न्यायालय के आदेशों की भी अनदेखी की जा रही है।
प्रेस नोट के अनुसार, संस्था के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि श्यामनगर क्षेत्र में एक मकान का नक्शा पास कराने के नाम पर कथित रूप से रिश्वत मांगी गई थी। इस संबंध में 6 मई 2026 को एमडीए विभाग को ज्ञापन भी दिया गया, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
संस्था का कहना है कि संबंधित मामले की जानकारी एमडीए के उपाध्यक्ष संजय मीणा, जोनल अधिकारी अर्पित यादव और जेई नरेंद्र कुमार भार्गव को भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। संगठन ने अधिकारियों पर शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।
हिंदू स्वाभिमान संस्थान ने इस मामले में मंडलायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराएगा।



