तीन साल से खंडहर पड़ा जाटव समाज का पंचायती घर, जहरीले सांपों से ग्रामीणों में दहशत

मथुरा/गोवर्धन। ग्राम पंचायत सकरवा में जाटव समाज का पंचायती घर पिछले तीन वर्षों से खंडहर अवस्था में पड़ा हुआ है। भवन जर्जर होने के कारण यहां सांप और अन्य जहरीले कीड़े-मकोड़े पनपने लगे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत अधिकारी, प्रधान और अन्य उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार करीब छह माह पहले इसी खंडहर भवन के पास एक जहरीले सांप ने 10 वर्षीय बच्चे को काट लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद भी प्रशासन और ग्राम पंचायत द्वारा भवन की मरम्मत या साफ-सफाई को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। राजकुमार मेम्बर ने बताया कि “पंचायती घर की हालत बेहद खराब है। कई बार अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां आए दिन जहरीले सांप निकलते रहते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को खतरा बना हुआ है। वहीं स्थानीय बुजुर्ग मक्खन लाल ने कहा कि यह भवन पूरी तरह खंडहर बन चुका है। आसपास रहने वाले लोग डर के साये में जी रहे हैं। प्रशासन को जल्द इसकी मरम्मत करानी चाहिए, ताकि कोई और हादसा न हो।
ग्राम पंचायत सचिव नीतू सिंह ने बताया कि पंचायत भवन का बजट बड़ा है। इसका स्टीमेट तैयार करवा दिया गया है। प्रधान से बात कर जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।” इस दौरान राजकुमार मेम्बर, मदन लाल, विजय कुमार, मक्खन लाल, ज्ञान सिंह, रामू, महेंद्र सिंह, खेमचंद, हीरा सिंह, पीतम सिंह और ज्ञानेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।


