ग़ाज़ियाबाद

गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर हाईटेक निगरानी, जीआरपी अलर्ट 

गाजियाबाद। गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों से घर जाने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार रेलवे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए तकनीक का सहारा लिया जाएगा और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी की जाएगी। स्टेशन के किसी भी हिस्से में भीड़ बढऩे पर जीआरपी के जवान तुरंत मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालेंगे। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जीआरपी ने भीड़ प्रबंधन की नई रणनीति तैयार की है। आगामी छुट्टियों में बड़ी संख्या में यात्रियों के स्टेशन पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, टिकट काउंटर, प्रवेश और निकास द्वार समेत सभी संवेदनशील स्थानों पर कैमरों की निगरानी बढ़ाई जाएगी। जीआरपी के प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान अक्सर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है, जिससे अव्यवस्था और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां सामने आती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार स्टेशन पर तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को अधिक मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग होगी और जहां भी यात्रियों की भीड़ सामान्य से अधिक दिखाई देगी, वहां तत्काल पुलिसकर्मियों को भेजा जाएगा। इससे भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि छुट्टियों के दौरान सबसे अधिक भीड़ टिकट काउंटरों, प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज पर देखने को मिलती है। ऐसे में इन स्थानों को विशेष निगरानी में रखा जाएगा ताकि भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जीआरपी द्वारा स्टेशन परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की भी तैयारी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ यात्रियों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी विशेष टीमों को सक्रिय रखा जाएगा। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे स्टेशन पर अनुशासन बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। रेलवे स्टेशन पर तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था लागू होने से यात्रियों में भी सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। लोगों का कहना है कि बढ़ती भीड़ के बीच इस प्रकार की व्यवस्थाएं यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों के लिए जरूरी हैं। गर्मी की छुट्टियों के दौरान लाखों यात्रियों के रेलवे यात्रा करने की संभावना को देखते हुए गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर की जा रही यह तैयारी भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button