नेशनल हाईवे 19 पर भीषण सड़क हादसा, केंट्रा ने इको कार को मारी जोरदार टक्कर

-बच्चों समेत 5 सवारियां गंभीर रूप से घायल
मथुरा/छाता। क्षेत्र गांव दोताना के पास एक तेज रफ्तार केंट्रा (आइसीएम) कैंटर ने आगे चल रही इको गाड़ी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे में गाड़ी में सवार बच्चों समेत करीब 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर हाईवे के किनारे मौजूद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी के मलबे में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली छाता पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी 5 घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। घायलों में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें से कुछ की हालत काफी नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे 19 पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त इको गाड़ी को हाईवे से हटाकर किनारे कराया, जिसके बाद यातायात को सुचारू रूप से चालू किया जा सका। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और फरार केंट्रा चालक की तलाश की जा रही है।



