शहर-राज्य

इलाज या लापरवाही ? ऑपरेशन के बाद युवक की हालत बिगड़ी, जांच की उठी मांग

स्याना.थाना खानपुर क्षेत्र के अमरपुर निवासी युवक हैदर पुत्र जावेद खान के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों ने हर्निया ऑपरेशन के बाद युवक की हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में आजाद अधिकार सेना ने जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को कालाआम स्थित एक निजी नर्सिंग होम एंड हार्ट सेंटर में युवक का हर्निया ऑपरेशन किया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद युवक को अत्यधिक सूजन, असहनीय दर्द और अन्य जटिल लक्षण होने लगे, लेकिन समय रहते न तो समुचित उपचार दिया गया और न ही किसी उच्च स्तरीय अस्पताल में रेफर किया गया। परिवार का कहना है कि लापरवाही के कारण युवक की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और वह आज भी गंभीर शारीरिक पीड़ा से गुजर रहा है।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह राणा ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, संबंधित अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की जिम्मेदारी तय की जाए तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं समुचित मुआवजा दिया जाए। संगठन ने यह भी कहा है कि परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कराई जाएगी।
अब देखना यह होगा कि क्या स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर आरोप की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा। जनपद में इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है और सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button