ग़ाज़ियाबाद

भीषण गर्मी में बिजली संकट से बेहाल साहिबाबाद,  लोगों का फूटा गुस्सा

साहिबाबाद। भीषण गर्मी के बीच साहिबाबाद क्षेत्र के भोपुरा इलाके में बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 33 केवी बिजली  लाइन में आए फॉल्ट के कारण डिफेंस कॉलोनी, पंचशील और कृष्णा विहार कुटी क्षेत्र की करीब 50 हजार आबादी को लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी सुबह से दोपहर तक अघोषित बिजली कटौती ने लोगों को गर्मी में बेहाल कर दिया। स्थानीय निवासियों के अनुसार सुबह करीब नौ बजे अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। करीब दो घंटे बाद बिजली आई, लेकिन मात्र पंद्रह मिनट बाद फिर से सप्लाई ठप हो गई। इसके बाद कुछ समय के लिए बिजली आई और फिर कटौती शुरू हो गई। दोपहर तीन बजे तक भी बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी, जिससे पूरे इलाके में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। तेज गर्मी और उमस के बीच बिजली न रहने से लोगों के घरों में एसी, कूलर और पंखे बंद हो गए। स्थानीय निवासी राजकुमार ने बताया कि बिजली कटौती के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को झेलनी पड़ी। कई घरों में पानी की मोटर नहीं चल सकी, जिससे पेयजल संकट भी उत्पन्न हो गया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। पिछले करीब एक महीने में 33 केवी लाइन में फॉल्ट के कारण दस से अधिक बार लंबी बिजली कटौती हो चुकी है। लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। निवासियों का आरोप है कि हर बार अधिकारी तकनीकी खराबी बताकर अस्थायी मरम्मत कर देते हैं, जिससे कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग द्वारा लाइन के स्थायी सुधार की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बिजली संकट से परेशान स्थानीय लोगों ने इस मामले की शिकायत प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री तथा पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक तक भी पहुंचाई है। नागरिकों का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में बार-बार बिजली कटना गंभीर समस्या बन गया है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। लगातार हो रही बिजली कटौती से क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कामकाज प्रभावित हो रहा है तो वहीं घरों में रहने वाले लोगों को दिनभर गर्मी से जूझना पड़ रहा है। छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि लंबे समय तक बिजली न होने से ऑनलाइन पढ़ाई और अन्य कार्य बाधित हो रहे हैं। इस संबंध में विद्युत निगम जोन-दो के मुख्य अभियंता नरेश भारती ने बताया कि 33 केवी लाइन में तकनीकी समस्या के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि लाइन की खामी को जल्द दूर करने के लिए तकनीकी टीम को लगाया गया है और स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मुख्य अभियंता ने आश्वासन दिया कि समस्या का शीघ्र निस्तारण कर क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में परेशानी न हो, यह विभाग की प्राथमिकता है और जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी। हालांकि क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब उन्हें आश्वासन नहीं बल्कि स्थायी समाधान चाहिए, ताकि हर गर्मी में बिजली संकट का सामना न करना पड़े और लोगों को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button