कैश वैन लूटकांड का खूनी अंत, मुठभेड़ में एक-एक लाख के इनामी दो बदमाश ढेर -9.10 लाख रुपये, हथियार और कार बरामद, फरार साथियों की तलाश तेज

गाजियाबाद। एनएच-9 पर छह मई को हुई 27 लाख रुपये की सनसनीखेज कैश वैन लूटकांड में गाजियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार देर रात वेव सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक-एक लाख रुपये के इनामी दो शातिर बदमाश जुबैर अहमद और समीर खान मारे गए। दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल थे। हालांकि उनके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड ने बताया कि छह मई को क्रासिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में कैश वैन को निशाना बनाया था। बदमाशों ने पहले फायरिंग कर दहशत फैलाई और फिर कैश वैन से लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि बदमाश करीब 27 लाख रुपये लूटकर ले गए थे। इस हाई प्रोफाइल लूटकांड के खुलासे के लिए पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस यूनिट को लगाया गया था। लगातार तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 11 मई को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में पुलिस ने आठ लाख छह हजार रुपये नकद, एक बलेनो कार, तमंचा और कुल्हाड़ी बरामद की थी। इसके बाद फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई थी। मंगलवार रात स्वाट टीम और वेव सिटी पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल अन्य बदमाश सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार में डासना रोड क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, जिसके दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद बदमाश कार से उतरकर पुलिस टीम पर लगातार गोलियां चलाने लगे। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी अनिल राजपूत और वेव सिटी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं तीन अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया। जवाबी फायरिंग में जुबैर अहमद और समीर खान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने 9.10 लाख रुपये नकद, बिना नंबर की स्विफ्ट कार, दो पिस्टल, दो तमंचे, बड़ी संख्या में कारतूस, लूट से जुड़ा बैग तथा सीसीटीवी डीवीआर बरामद किया है। बरामद सामान से यह पुष्टि हुई है कि दोनों बदमाश कैश वैन लूटकांड में सीधे तौर पर शामिल थे। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड ने बताया कि लूटकांड में शामिल फरार दो अन्य बदमाशों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध और लूट की घटनाओं में शामिल गिरोहों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।


