शहर-राज्य

प्रधानमंत्री संग्रहालय में गाजियाबाद के दिनेश शर्मा का सम्मान, फिलेटली के क्षेत्र में रचा नया इतिहास

एन0के0शर्मा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री संग्रहालय के चौथे स्थापना दिवस के अवसर पर डाक विभाग एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय राष्ट्रीय डाक टिकट प्रदर्शनी में गाजियाबाद के वरिष्ठ फिलेटलिस्ट दिनेश शर्मा को सम्मानित किया गया। 14 अप्रैल से 19 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस प्रदर्शनी का विषय “एक भारत श्रेष्ठ भारत” रखा गया था, जिसके माध्यम से डाक टिकटों के जरिए आधुनिक और विकसित भारत की झलक प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया थे। प्रदर्शनी में देशभर के प्रतिष्ठित फिलेटलिस्टों एवं संगठनों ने भाग लिया, जिनमें केरल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बेंगलुरु तथा दिल्ली-एनसीआर से आए डाक टिकट संग्राहकों ने अपने दुर्लभ संग्रहों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी को दर्शकों एवं विशेषज्ञों द्वारा व्यापक सराहना प्राप्त हुई।
फिलेटलिक सोसायटी ऑफ दिल्ली के छह सदस्यों ने अपने विशेष संग्रह प्रस्तुत किए। इनमें अध्यक्ष हरजीत सिंह कटारिया, उपाध्यक्ष मृदुल शर्मा, कॉर्डिनेटर मधुकर झिंगन, सदस्य सविता झिंगन, रेनू गुप्ता तथा दिनेश शर्मा शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों को डाक विभाग के सीपीएमजी कर्नल अखिलेश कुमार पाण्डेय एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर फिलेटलिक सोसायटी ऑफ दिल्ली के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री संग्रहालय के चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्रा, सीईओ डॉ. प्रियंका मिश्रा तथा निदेशक अश्विनी लोहानी को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि दिनेश शर्मा इससे पूर्व Australia Stamp Show 2020, Germany World Stamp Exhibition 2023 तथा Thailand Asian International Stamp Exhibition 2025 में लार्ज रजत पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत, उत्तर प्रदेश और गाजियाबाद का नाम रोशन कर चुके हैं। उनके योगदान को देखते हुए उन्हें India Book of Records एवं Limca Book of Records द्वारा वर्ष 2023 में सम्मानित किया गया था। इसके अतिरिक्त हाल ही में आयोजित World50 Global Summit में उन्हें नोबेल आइकॉन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया तथा Yashopex 26 में भी विशेष सम्मान प्राप्त हुआ।
दिनेश शर्मा ने बताया कि वे पिछले सात-आठ वर्षों से पोस्टल स्टेशनरी का संग्रह कर रहे हैं और फिलेटली को भारतीय इतिहास एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का प्रभावी माध्यम मानते हैं। उन्होंने अपनी उपलब्धियों का श्रेय फिलेटलिक सोसायटी ऑफ दिल्ली के वरिष्ठ सदस्यों के मार्गदर्शन एवं सहयोग को दिया तथा सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button