जाम, अतिक्रमण और जीटी रोड पर कट खुलवाने की समस्या को लेकर विधायक संजीव शर्मा ने व्यापारियों संग उठाई ट्रैफिक सुधार की आवाज

गाजियाबाद। शहर के व्यस्ततम घंटाघर चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में लगातार लगने वाले जाम, अतिक्रमण और जीटी रोड पर कट खुलवाने की समस्या को लेकर शहर गुरुवार को सदर विधायक संजीव शर्मा ने व्यापारियों के साथ पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत वार्ता की। रेलवे रोड, बजरिया और घंटाघर क्षेत्र के व्यापारियों की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में पुलिस उपायुक्त यातायात कमिश्नरेट त्रिगुन बिसेन, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात वरुण कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त यातायात रितेश त्रिपाठी शामिल रहे। बैठक के दौरान विधायक संजीव शर्मा ने अधिकारियों को अवगत कराया कि ठाकुरद्वारा हापुड़ रोड से लेकर लाल कुआं तक सड़क के दोनों ओर बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। रोजाना लगने वाले भीषण जाम से आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और अब इसका स्थायी समाधान आवश्यक हो गया है। विधायक ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से घंटाघर चौराहे की स्थिति पर चिंता जताते हुए बताया कि शहर गाजियाबाद की पहली रेड लाइट इसी चौराहे पर स्थापित की गई थी, लेकिन वर्तमान में ट्रैफिक लाइट संचालित न होने के कारण यातायात नियंत्रण पूरी तरह प्रभावित है। विधायक ने नगर आयुक्त से इस संबंध में वार्ता कर ट्रैफिक सिग्नल को पुन: चालू कराने और आधुनिक यातायात प्रबंधन लागू करने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। बैठक में मौजूद पुलिस और यातायात अधिकारियों ने विधायक द्वारा उठाए गए सुझावों और व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटाने, यातायात संचालन को व्यवस्थित करने और संवेदनशील चौराहों पर प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन लागू करने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर व्यापारी नेता राजू छाबड़ा, राकेश स्वामी, अजय कालरा, सुरेश महाजन, पार्षद नीरज गोयल, संजीव लाहोरिया, अजय बत्रा, परविंदर बत्रा, दीपक शर्मा, अमित अरोरा, रमेश भटनागर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्रवाई होने से घंटाघर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहरवासियों को जाम की समस्या से जल्द राहत मिलेगी।


