दानघाटी मंदिर के समीप थाने के सामने सिलेंडर में लगी आग
पुलिस की सूझबूझ से आग पर काबू पाया
मथुरा/गोवर्धन। दानघाटी मंदिर के समीप थाने के सामने उस समय भगदड़ मच गई जब वहां दुकान में लगे सिलेंडर ने आग पकड़ ली। पुलिस ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया। थाने के सामने भगवान दास सैनी की श्रीगिरिराजजी परांठे वाले के नाम से दुकान है। दुकान संचालक परांठे बेचता है। सोमवार को शाम करीब पांच बजे अचानक सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया। भीड़भाड़ वाले व्यस्ततम एरिया में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना पर सीओ अनिल कुमार सिंह, थाना प्रभारी भगवत सिंह मय पुलिसफोर्स के मौके पर पहुंच गए और लोगों का आवागमन बंद कराकर आग बुझाने में जुट गए। सीओ और थाना प्रभारी खुद जलते सिलेंडर के पास गए और बमुश्किल आग पर काबू पाया। पुलिस के कार्य की चहुओर सराहना हो रही है। पुलिस की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हो सका।



