जलभराव के बीच मथुरा वृंदावन नगर निगम क्षेत्र के गांव मुडेशी स्थित मोक्ष धाम में तिरपाल के नीचे अंतिम संस्कार करने को मजबूर गांववासी
जलभराव के बीच निकली शवयात्रा, तिरपाल के नीचे हुआ अंतिम संस्कार; वीडियो वायरल
मथुरा। नगर-निगम मथुरा वृंदावन क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 स्थित मुडेशी गांव में गुरुवार को एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला। गांव निवासी 40 वर्षीय अमर सिंह के निधन के बाद उनकी शवयात्रा जलभराव से भरे रास्तों से होकर निकाली गई। श्मशान घाट तक जाने वाले मार्ग पर पानी भरा होने के कारण अंतिम संस्कार बारिश की धाराओं के बीच तिरपाल लगाकर करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। लगभग एक वर्ष पूर्व भी इसी गांव में एक महिला का अंतिम संस्कार तिरपाल के नीचे और जलभराव के बीच करना पड़ा था। उस समय भी वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, लेकिन इसके बावजूद श्मशान घाट और पहुंच मार्ग की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा मोक्ष धामों के विकास के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन गांवों और कॉलोनियों के अधिकांश श्मशान घाटों पर मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। सरकार द्वारा मोक्ष धाम के लिए स्वीकृत करोड़ों रुपए धनराशि अधिकारीयों एवं जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से पार कर ली जाती है। पिछले दो बार से नगर निगम के चुनाव में लगातार भाजपा के मेयर पद जीतने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। गांववासियों ने नगर निगम चुनाव में डबल इंजन के साथ ट्रिपल इंजन भी जोड़ दिया था परंतु स्थानीय नेताओं एवं अधिकारियों की कार्यप्रणाली से लोगों का भरोषा ठगने का काम किया गया है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मुडेशी गांव के मोक्ष धाम और वहां तक पहुंचने वाले मार्ग का शीघ्र विकास कराने की मांग की है।


