75 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा*

संदीप तिवारी
वाराणसी मिर्जामुराद । चोलापुर बाजार स्थित शहीद स्मारक तक विद्यालय परिसर से बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के उत्साह और उमंग से सराबोर इस यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विद्यार्थी हाथों में 75 फीट लंबा विशाल तिरंगा लेकर मार्च पास्ट करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के जयघोष से पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।तिरंगा यात्रा में विद्यालय के विद्यार्थियों की अनुशासित और उत्साहपूर्ण भागीदारी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई यह यात्रा चोलापुर बाजार स्थित शहीद स्मारक तक पहुंची, जहां विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता की। विशेष रूप से हेडमिस्ट्रेस रिचा मिश्रा, कोऑर्डिनेटर राहुल पांडे, असेंबली इंचार्ज सीमा सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने और देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।



