शहर-राज्य

25 सितंबर से लापता अनिल की गोवर्धन में तलाश, परिजन बोले- कहीं दिखाई दे तो सूचना दें

मथुरा/गोवर्धन। हरियाणा के बल्लभगढ़ से 25 सितंबर की शाम से लापता 35 वर्षीय अनिल सैनी की तलाश में उसके परिजन गुरुवार को गोवर्धन पहुंचे। परिजनों ने गोवर्धन के परिक्रमा मार्ग, धर्मशालाओं और आश्रमों में अनिल की तलाश की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों ने स्थानीय लोगों और पुलिस-प्रशासन से अनिल को तलाशने में मदद की गुहार लगाई है। रसुकपुर बल्लभगढ़, फरीदाबाद निवासी अनिल सैनी पुत्र चरन सिंह 25 सितंबर की शाम करीब सात बजे अपनी भैंसों को लेकर जंगल से घर लौट रहा था। भैंसें तो घर पहुंच गईं, लेकिन अनिल घर नहीं पहुंचा। काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने बल्लभगढ़ के थाना मुलेसर में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद से ही परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं।

अनिल के भाई सुशील ने बताया कि अनिल कम बोलता है और मानसिक रूप से भी पूरी तरह स्वस्थ नहीं है। वह पैर से दिव्यांग है और चलने के लिए हाथ में डंडा रखता है। परिजनों को आशंका है कि वह रास्ता भटककर कहीं चला गया होगा। इसी आशंका के चलते परिजन गोवर्धन पहुंचे और परिक्रमा मार्ग के साथ ही विभिन्न धर्मशालाओं और आश्रमों में उसकी तलाश की।

परिजन सुशील, भगत सिंह और सत्यप्रकाश ने लोगों से अपील की है कि यदि अनिल कहीं दिखाई दे या उसके बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस अथवा परिजनों को सूचना दें। उन्होंने शासन-प्रशासन से भी अनिल की तलाश में मदद करने की मांग की है। बल्लमगढ़ के गौंची चौकी प्रभारी वेदराम ने बताया कि अनिल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button