ग़ाज़ियाबाद

16,436 आवेदकों में से 109 परिवारों की निकली लॉटरी,  -मधुबन-बापूधाम योजना में 109 आवासीय भूखंडों की ई-लॉटरी संपन्न, सफल आवेदकों के चेहरों पर दिखी खुशी 

गाजियाबाद। मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में अपने घर का सपना संजोए हजारों आवेदकों के बीच बुधवार को खुशियों का माहौल रहा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से हिन्दी भवन में 109 आवासीय भूखंडों की कम्प्यूटरीकृत ई-लॉटरी पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई गई। लॉटरी में सफल आवेदकों के मोबाइल पर चयन की सूचना तत्काल संदेश के माध्यम से भेजी गई। संदेश मिलते ही कई सफल आवेदकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मधुबन-बापूधाम गाजियाबाद की प्रमुख आवासीय योजनाओं में शामिल है। योजना के अंतर्गत 40 से 200 वर्गमीटर तक के आवासीय भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कुल 350 आवासीय भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया के तहत पहले चरण में टाइप ए, बी, सी और डी श्रेणी के 109 भूखंडों की ई-लॉटरी कराई गई। इनमें 200 वर्गमीटर के 24, 150 वर्गमीटर के 49, 120 वर्गमीटर के 24 और 115 वर्गमीटर के 12 भूखंड शामिल हैं। इन चारों श्रेणियों के 109 भूखंडों के लिए कुल 16,478 आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच के बाद इनमें से 16,436 आवेदन पात्र पाए गए। उपलब्ध भूखंडों की सीमित संख्या के कारण पात्र आवेदकों के बीच कम्प्यूटरीकृत ई-लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया गया। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लॉटरी संपन्न कराई गई।
ई-लॉटरी की सबसे खास बात यह रही कि चयनित आवेदकों को प्रक्रिया के दौरान ही उनके मोबाइल फोन पर संदेश भेजकर आवंटन की सूचना दी गई। लंबे समय से अपने घर के लिए इंतजार कर रहे लोगों के मोबाइल पर जैसे ही सफल होने का संदेश पहुंचा, उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। लॉटरी स्थल पर मौजूद कुछ सफल आवेदकों ने तत्काल अपने मोबाइल पर संदेश प्राप्त होने के बाद प्रसन्नता व्यक्त की। कई आवेदकों के लिए यह सिर्फ भूखंड मिलने की सूचना नहीं, बल्कि परिवार के लिए अपने घर के सपने की दिशा में बढ़ा महत्वपूर्ण कदम रहा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से सफल आवेदकों की आगामी औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद संबंधित भूखंडों का स्थल पर कब्जा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जाएगी। इससे आवेदकों को आवंटित भूखंडों पर आगे की प्रक्रिया शुरू करने में सुविधा मिलेगी। ई-लॉटरी को पूरी तरह पारदर्शी और आमजन के लिए सुलभ बनाने के लिए इसका सीधा प्रसारण जीडीए के आधिकारिक यूट्यूब चैनल सहित हिंदुस्तान टाइम्स और हिंदुस्तान हिन्दी के आधिकारिक चैनलों पर किया गया। इससे आवेदकों और आमजन को घर बैठे पूरी प्रक्रिया देखने और जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। मधुबन-बापूधाम योजना के शेष 241 आवासीय भूखंडों, यानी टाइप ई, एफ, जी और एच की ई-लॉटरी 20 अगस्त को आयोजित की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टाइप ई की लॉटरी सुबह 11:30 बजे, टाइप एफ की दोपहर 12 बजे, टाइप जी की दोपहर 12:30 बजे और टाइप एच की दोपहर एक बजे होगी। इनका भी सीधा प्रसारण जीडीए तथा हिंदुस्तान टाइम्स और हिंदुस्तान हिन्दी के आधिकारिक यूट्यूब चैनलों पर किया जाएगा। बेहतर संपर्क व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं के कारण मधुबन-बापूधाम योजना को गाजियाबाद की प्रमुख आवासीय योजनाओं में माना जाता है। योजना के आसपास नमो भारत रैपिड रेल, हिंडन एलिवेटेड रोड, रेलवे ओवरब्रिज और विकसित भारत थीम पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं मौजूद हैं। जीडीए का कहना है कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पारदर्शी और जनहितकारी प्रक्रियाओं के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों के अपने घर के सपने को साकार करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button