शहर-राज्य

162 किलो गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिडई थाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह पुलिस टीम के साथ बेलगड़ी टोल प्लाजा के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित शौचालय के पास पांच प्लास्टिक के बोरे और चार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीन लोग भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित निवासी फर्रुखाबाद बताया।
तलाशी के दौरान पांच बोरों में कुल 162 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों पिंटू चौरसिया, सूर्य प्रकाश चौरसिया और अमन के साथ गांजे की खेप को बस के जरिए नोएडा ले जाने की तैयारी में था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार एवं फरार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बृजेश सिंह, उपनिरीक्षक राजीव भट्ट सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button