सेवा संकल्प अभियान से जन-जन तक पहुंचेगा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ, प्रभारी मंत्री धर्मपाल ने तैयारियों की समीक्षा की

गाजियाबाद। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में समीक्षा बैठक हुई। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। विकास भवन पहुंचने पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ सहित अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। बैठक से पहले जनप्रतिनिधियों का पौधा भेंट कर और पटका पहनाकर स्वागत किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 12 अध्यायों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां, ‘आंगन मिलन सेवा, ‘सेवा की कहानी, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा, ‘सेवा मेरा योगदान, ‘सेवा सेतु अभियान, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग, ‘सेवा फर्स्ट नवाचार चुनौती और ‘सुशासन सेवा संवाद प्रमुख हैं। प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सार्वजनिक सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोडऩा अभियान का महत्वपूर्ण लक्ष्य है। उन्होंने जिलाधिकारी के नेतृत्व में की जा रही तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की तैयारियां सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं। अब जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भागीदारी के साथ अभियान को जनता तक पहुंचाना होगा, जिससे सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान विषय आधारित कार्यक्रमों के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया। बैठक में महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच, सदर विधायक संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, अपर पुलिस आयुक्त राजकरन नय्यर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता कर अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी साझा की।



