शौर्य, सम्मान और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है पुलिस ध्वज, झंडा दिवस पर गूंजा सम्मान का संकल्प, अधिकारियों और कर्मचारियों को पढ़कर सुनाया डीजीपी का संदेश

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली विरासत, अदम्य साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को कमिश्नरेट गाजियाबाद में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने रिजर्व पुलिस लाइन्स में ध्वजारोहण कर पुलिस ध्वज को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर अधिकारियों और कर्मचारियों को सुनाया। पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा पुलिस ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस मुख्यालय और मुरादनगर थाने में भी ध्वजारोहण कर इस गौरवशाली दिवस को उत्साह के साथ मनाया गया। रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक चिह्न नहीं, बल्कि पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, त्याग, बलिदान, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण का परिचायक है। पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करें। उन्होंने पुलिस महानिदेशक के संदेश के माध्यम से सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा पुलिस ध्वज की प्रतिष्ठा अक्षुण्ण रखने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध पीयूष कुमार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर अभय राजेंद्र डागा, सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं, पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर ने पुलिस मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सुनाया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कर्तव्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पुलिस ध्वज को विभाग की प्रतिष्ठा और गौरवशाली कार्यप्रणाली का प्रतीक बताते हुए इसके सम्मान को बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की पहचान उसके अनुशासन, सेवा भावना और कठिन परिस्थितियों में भी जिम्मेदारी निभाने की प्रतिबद्धता से होती है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी कार्यशैली से इस प्रतिष्ठा को बनाए रखना चाहिए। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने थाना मुरादनगर में पुलिस ध्वजारोहण कर सलामी दी। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस ध्वज का प्रतीक चिह्न लगाया गया तथा पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सुनाया गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग और समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पुलिस ध्वज को उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली विरासत, अदम्य शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बताते हुए कहा कि इसकी गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रमों के दौरान पुलिसकर्मियों को यह संदेश दिया गया कि वर्दी के साथ जुड़ी जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा, पीडि़तों को न्याय दिलाने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज में विश्वास कायम रखने की भी है। पुलिसकर्मियों का व्यवहार, कार्यशैली और जनता के प्रति संवेदनशीलता ही विभाग की छवि को मजबूत बनाती है। पुलिस झंडा दिवस ऐसे ही मूल्यों को याद करने और उन्हें अपने कार्यों में उतारने का अवसर है। कमिश्नरेट के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज के सम्मान तथा विभाग की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में अनुशासन, सम्मान और कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना प्रमुखता से दिखाई दी।





