शहर-राज्य

शराब पार्टी के दौरान हुई कहासुनी ने छीनी मनीष की जिंदगी, देर रात SP देहात अंतरिक्ष जैन ने घटनास्थल का लिया जायजा

– फोरेंसिक टीम ने मौके से कलेक्ट किए साक्ष्य, स्वाट टीम समेत कुल 4 टीमें दबिश में जुटीं, पुलिस का दावा – शीघ्र पुलिस की गिरफ्त में होगा आरोपी

बुलंदशहर.जहांगीराबाद नगर के मोहल्ला आहनग्रान निवासी युवक मनीष सैनी की हत्या के मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान सामने आया हैं। शुरुआती जांच में स्पष्ट हैं कि रविवार देर शाम दोस्तों के साथ चल रही शराब पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार भैयापुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप मनीष सैनी अपने मित्र शिवम सैनी एवं कुछ अन्य साथियों के साथ बैठकर शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर मनीष और शिवम के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी शिवम ने मनीष के सिर पर गोली दाग दी। गोली लगते ही मनीष जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल अवस्था में परिजन और साथी उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि मोहल्ले में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अंतरिक्ष जैन तथा सीओ शशांक श्रीवास्तव भी देर रात जहांगीराबाद पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में हुए विवाद के बाद फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच कर रही है। हत्या के बाद से आरोपी शिवम सैनी फरार बताया जा रहा है।

चार टीमें कर रहीं तलाश
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम सहित कुल चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से भी आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

शराब पार्टी बनी मौत की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मामूली कहासुनी के दौरान हथियार का इस्तेमाल न किया गया होता तो एक परिवार का चिराग यूं न बुझता। शराब पार्टी के दौरान हुई इस दुखद घटना से शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button