ग़ाज़ियाबाद

शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से व्यक्ति की दर्दनाक मौत, गेटमैन की चेतावनी भी नहीं बचा सकी जान

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के कल्लूगढ़ी रेलवे फाटक पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब व्यक्ति रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहा था। गेटमैन द्वारा लगातार चेतावनी देने के बावजूद वह ट्रैक से नहीं हट सका और तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे लगभग 50 वर्षीय एक व्यक्ति हाथ में पानी की बोतल लेकर कल्लूगढ़ी रेलवे फाटक पार कर रहा था। उसी दौरान दिल्ली से हापुड़ की ओर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन वहां पहुंच गई। फाटक पर तैनात गेटमैन ने व्यक्ति को जोर-जोर से आवाज लगाकर ट्रैक से हटने के लिए कहा, लेकिन उसने चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया। कुछ ही क्षणों में ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। साथ ही आसपास के क्षेत्रों और सामाजिक माध्यमों के जरिए मृतक की पहचान संबंधी सूचना प्रसारित की गई। एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि कल्लूगढ़ी फाटक के पास एक व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और पहचान के प्रयास शुरू किए। सामाजिक माध्यमों पर जारी सूचना देखने के बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान शिवदयाल (50) पुत्र सहजराम निवासी फकरपुर, खेकड़ा जनपद बागपत के रूप में हुई। पहचान मृतक के भतीजे रवि ने की। परिजनों के अनुसार शिवदयाल मानसिक बीमारी से पीडि़त थे और उनका पिलखुआ में एक चिकित्सक से उपचार चल रहा था। बताया गया कि वह दवाई लेकर घर लौटे थे, लेकिन मंगलवार सुबह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उन्होंने रेलवे ट्रैक पार करने का जोखिम उठाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय सतर्कता बरतें तथा बंद फाटक या आती ट्रेन के दौरान ट्रैक पार करने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button