राशन घटतौली के आरोपों पर जोगराजपुर पहुंची जांच टीम, नीलम देवी समेत ग्रामीणों के बयान दर्ज

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।जोगराजपुर गांव में राशन वितरण के दौरान कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिए जाने के आरोपों ने अब जांच का रूप ले लिया है। राशन घटतौली को लेकर की गई शिकायत और वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद सोमवार को पूरनपुर पूर्ति विभाग की जांच टीम गांव पहुंची। जांच टीम के पहुंचते ही राशन वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों में चर्चाएं तेज हो गईं।
मामले की जांच के लिए सप्लाई इंस्पेक्टर बृजेश कुमार मिश्रा जोगराजपुर पहुंचे। उन्होंने शिकायतकर्ता नीलम देवी समेत अन्य ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली और उनके बयान दर्ज किए। ग्रामीणों ने जांच अधिकारी के सामने राशन वितरण के दौरान कथित तौर पर एक से दो किलो तक कम राशन दिए जाने सहित अन्य शिकायतें रखीं। जांच टीम ने ग्रामीणों से मामले से संबंधित तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई।राशन घटतौली के आरोपों के बीच सामने आया वायरल ऑडियो भी मामले में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार ऑडियो में कोटेदार के कथित बयान को लेकर राशन वितरण में कटौती के आरोपों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें हुई बातचीत की वास्तविकता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में इसकी प्रमाणिकता की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय जांच में केवल बयान दर्ज करने के बजाय वायरल ऑडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी शामिल किया जाना चाहिए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच हो सके।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
शिकायतकर्ता नीलम देवी और ग्रामीणों के बयान दर्ज होने के बाद अब सभी की निगाहें पूर्ति विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि जांच में राशन की घटतौली या वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित कोटेदार के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।फिलहाल जांच टीम द्वारा गांव पहुंचकर बयान दर्ज किए जाने से मामला गंभीर हो गया है। अब जांच रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और विभाग की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।



