मनोहरपुर मार्ग पर युवक का अपहरण कर तीन घंटे तक बंधक बनाने का आरोप, एफआईआर की मांग

उज्जवल रस्तौगी वरिष्ठ पत्रकार
मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर कॉलोनी मार्ग पर एक युवक ने कुछ लोगों पर जानलेवा हमला, अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट करने और नकदी लूटने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने थानाध्यक्ष हस्तिनापुर को प्रार्थना पत्र देकर अपनी जान को खतरा बताया है।
डिफेंस कॉलोनी निवासी कुलदीप भारद्वाज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रविवार रात करीब 10:30 बजे मनोहरपुर कॉलोनी स्थित अपने मकान से वापस घर लौट रहे थे। आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर कॉलोनी के निकट राजकीय पशुधन एवं कृषि प्रक्षेत्र तथा वन विभाग मार्ग पर एक स्कॉर्पियो सवार लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उनकी गाड़ी की चाबी छीन ली और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि जान बचाने के लिए वह मौके से भागने लगे, लेकिन पीछा कर रहे एक आरोपी ने तमंचे से उन पर फायर कर दिया। हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और कथित रूप से उनके मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ-पैर बांध दिए। आरोप है कि इसके बाद उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया गया।
शिकायत में कहा गया है कि रास्ते में लोहे की सरिया और अन्य हथियारों से उनकी पिटाई की गई। बाद में उन्हें हस्तिनापुर के उधम सिंह चौक के निकट डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में एक कमरे में ले जाकर करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना दी गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उनके पर्स में रखे लगभग 18 हजार रुपये भी आरोपियों ने छीन लिए।
कुलदीप भारद्वाज का कहना है कि छोड़ते समय आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि यदि उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस या प्रशासन को दी तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। शिकायत में आरोपियों द्वारा स्वयं को खनन माफिया बताकर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी उल्लेख किया गया है।
पीड़ित ने मामले में नामजद और अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपहरण, लूट, जानलेवा हमला, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की भी गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




