मुरादनगर-मोदीनगर में अवैध कॉलोनियों पर चला जीडीए का बुलडोजर, 17 हजार वर्गमीटर में ध्वस्तीकरण

गाजियाबाद। मुरादनगर और मोदीनगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों एवं बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम ने ग्राम रोरी और बेगमाबाद क्षेत्र में अवैध निर्माण कार्य रुकवाने के साथ सड़क, बाउंड्रीवॉल और अवैध दुकानों समेत प्लॉटिंग से जुड़े निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय कालोनाइजरों और निर्माणकर्ताओं ने विरोध भी किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति नियंत्रित रखते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी।
जीडीए के अनुसार ग्राम रोरी में मंगल विहार कॉलोनी के पीछे खसरा संख्या 922, 923 और 924 की करीब 17 हजार वर्गमीटर भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित करने के लिए सड़क निर्माण के उद्देश्य से मिट्टी भराई का काम कराया जा रहा था। यहां मुकेश ठाकुर, गौरव चौहान, मेसर्स एमजी प्रॉपर्टीज, जितेंद्र कुमार और सुनील व्यास द्वारा निर्माण गतिविधियां की जा रही थीं। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध गतिविधियों को ध्वस्त किया। इसी कार्रवाई के दौरान मोदीनगर के ग्राम बेगमाबाद-बुदाना, महेश पार्क के समीप खसरा संख्या 884 में करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्र में भी अवैध निर्माण का मामला सामने आया। यहां अमित और संजय गर्ग द्वारा पिलर खड़े करने तथा पिलंथ लेवल से नीचे दीवार चिनाई का काम कराया जा रहा था। टीम ने तत्काल निर्माण कार्य बंद कराया और भविष्य में बिना स्वीकृति निर्माण न करने की हिदायत दी। मौके पर निर्माण से संबंधित स्वीकृत मानचित्र भी प्रस्तुत नहीं किया गया। प्राधिकरण की टीम ने रोरी क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में बनाई गई आरसीसी सड़कों, बाउंड्रीवॉल और प्लॉटिंग से जुड़े निर्माण को ध्वस्त किया। इसके अलावा महेश मार्ग पर किए गए अवैध दुकानों के निर्माण पर भी कार्रवाई की गई। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कालोनाइजरों ने काफी विरोध किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद प्राधिकरण पुलिस बल ने विरोध करने वालों को नियंत्रित किया और कार्रवाई को आगे बढ़ाया। जीडीए की टीम ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति कॉलोनी विकसित करने और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। जीडीए अधिकारियों के अनुसार आगामी माह में भी अवैध कॉलोनियों और निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।


