ग़ाज़ियाबाद

बाबा मार्केट अग्निकांड के पीडि़त व्यापारियों के लिए उठी बुलंद आवाज, पुनर्स्थापन और आर्थिक सहायता की उठाई मांग 

गाजियाबाद। राष्ट्रीय व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष बालकिशन गुप्ता के नेतृत्व में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदार से मुलाकात कर उन्हें जनहित एवं विकास कार्यों के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए गाजियाबाद के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित अशोक भारतीय, राष्ट्रीय सलाहकार रितेश शर्मा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, काजल छिब्बर, वीरेंद्र कंडेरे, शंकर सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। सभी ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से विभिन्न व्यापारिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान राष्ट्रीय व्यापार मंडल ने गोविंदपुरम स्थित बाबा मार्केट में हाल ही में लगी भीषण आग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। संगठन ने बताया कि इस हादसे में अंकित डेयरी एंड स्वीट्स, श्री बालाजी कम्युनिकेशन, सिंघल स्वीट्स, महा गणेश ट्रेडर्स, अग्रवाल स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं, जिससे व्यापारियों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए मांग की कि अग्निकांड से प्रभावित सभी व्यापारियों को शीघ्र आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा तथा दोबारा कारोबार शुरू करने के लिए पुनर्स्थापन की व्यवस्था कराई जाए, ताकि प्रभावित परिवारों का जीवन पुन: सामान्य हो सके और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट न खड़ा हो। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा तथा शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए यथासंभव समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button