फार्मेसी दिवस पर पीआरपीएस कॉलेज में छात्र-छात्राओं का शानदार प्रदर्शन

नाटक से लेकर नृत्य तक, विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।पीआरपीएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी में शुक्रवार को विश्व फार्मेसी दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नाटक, भाषण, पोस्टर और नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत फार्मेसी जगत के रचयिता माने जाने वाले डॉ. एमएल श्रॉफ के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने फार्मेसी के क्षेत्र में डॉ. एमएल श्रॉफ के योगदान और उनके कार्यों को याद किया। विद्यार्थियों को फार्मेसी के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका से भी अवगत कराया गया।
इसके बाद आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नाटक प्रतियोगिता के माध्यम से फार्मेसी और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने फार्मेसी के महत्व और समाज में फार्मासिस्ट की भूमिका पर अपने विचार रखे। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और रचनात्मक संदेशों के माध्यम से विभिन्न विषयों को प्रदर्शित किया। नृत्य प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया।प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को कॉलेज के अध्यक्ष अमित मिश्रा ने प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अध्ययन के साथ-साथ फार्मेसी के क्षेत्र में नई जानकारी हासिल करने और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की प्रिंसिपल सिमरन सिंह ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विश्व फार्मेसी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के शिक्षक- शिक्षिकाएं, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों के सम्मान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


