पूरनपुर में पेट्रोल संकट, पंपों पर तेल के लिए मची अफरा-तफरी

बिना सूचना उपभोक्ताओं को किया गया परेशान
लुकमान खान
पीलीभीत तहसील पूरनपुर क्षेत्र में पेट्रोल की अचानक किल्लत होने से हड़कंप मच गया। शहर के मुख्य मार्गों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के पेट्रोल पंपों पर तेल न मिलने के कारण उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी शेरपुर रोड पर स्थित पेट्रोल पंपों पर देखी गई, जहाँ घंटों भटकने के बाद भी लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि अधिकांश पंपों पर स्टॉक न होने की कोई पूर्व सूचना या बोर्ड भी नहीं लगाया गया था, जिससे चिलचिलाती धूप में लोग एक पंप से दूसरे पंप के चक्कर काटने को मजबूर हो गए।
पंप संचालकों की इस अव्यवस्था से जनता में भारी नाराजगी है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि यदि तेल का स्टॉक खत्म था, तो पंप के
बाहर सूचना क्यों नहीं दी गई? बिना किसी बोर्ड के लोग तेल की उम्मीद में अंदर तक जाते रहे और वहां पहुँचने पर उन्हें तेल नहीं है कहकर वापस कर दिया गया। इस बेतरतीब व्यवस्था के कारण बाइक सवारों और आवश्यक कार्य से निकले
लोगों का काफी समय बर्बाद हुआ और उन्हें भारी मानसिक व शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ी। एक ओर जहाँ ईंधन की सुचारू उपलब्धता की बात कही जाती है, वहीं सोमवार को अचानक आई इस कमी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह सप्लाई चेन की कोई तकनीकी खामी है या फिर पेट्रोल पंपों के प्रबंधन में कोई बड़ी चूक? लोग इधर उधर भटकते रहे और कई जगह तो लंबी कतारें लगने के बाद तेल खत्म होने की बात कही गई। जानकारों का कहना है कि यदि समय रहते सप्लाई की स्थिति स्पष्ट कर दी जाती, तो लोग इस तरह परेशान न होते। पेट्रोल न मिलने का सीधा असर लोगों के कामकाज पर पड़ा।



