शहर-राज्य

थाना गोवर्धन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकली नोटों के कारोबार का खुलासा

-नकली नोटों के साथ एक आरोपी को धर दबोचा, अन्य तीन की तलाश जारी 

मथुरा/गोवर्धन। थाना पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बिल्छू कुंड के पास से नगला हीरा, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ निवासी सौरभ पुत्र चंद्रपाल सिंह को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपये के पांच नकली नोट तथा 5610 रुपये की असली नकदी बरामद हुई है।

जानकारी के अनुसार पुलिस परिक्रमा मार्ग पर गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि एक युवक नकली नोटों को बाजार में चलाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने नकली नोटों को बाजार में चलाकर मुनाफा कमाने की बात स्वीकार की है।

आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपने अन्य साथियों योगेश, अजीत और मुकेश के नाम भी बताए हैं, जो थाना इगलास, जनपद अलीगढ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

थाना पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के कारोबार का खुलासा किया गया है। नकली नोटों से जुड़े कारोबार में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस टीम अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। गिरोह में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button