शहर-राज्य

त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में दिए सख्त निर्देश

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। आगामी त्यौहार नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा और विजयदशमी पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता बस्ती मंडल के आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने की। बैठक में डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन समेत जिले के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे हिंदू और मुस्लिम समुदाय के संभ्रांत नागरिकों से त्योहारों को लेकर तैयारियों और समस्याओं की जानकारी ली गई। सभी लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की बात कही।
आयुक्त ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। दुर्गा पूजा पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं करने और अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बस्ती मंडल के आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया है। बिजली के तारों से संबंधित समस्याओं को दूर करने और उन्हें व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए गए हैं। नई परंपरा शुरू करने को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर मीडिया सेल की लगातार नजर रहेगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस स्तर से सभी प्रतिमा स्थलों के आसपास निगरानी रखी जाएगी। पुलिसकर्मी लगातार प्रतिमा स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button