तिरंगे की शान से सजी एसजी शिखर हाइट्स, 300 महिलाओं ने तीज समारोह में बिखेरी प्रतिभा और संस्कृति की छटा

गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार स्थित एसजी शिखर हाइट्स सोसाइटी में स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज के अवसर पर देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, महिला प्रतिभा और सामुदायिक एकता से भरपूर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय पर्व पर जहां तिरंगे को नमन कर देश के वीर सपूतों को याद किया गया, वहीं हरियाली तीज के रंगारंग आयोजन में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और पारंपरिक संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश की। दोनों आयोजनों में सोसाइटी के बच्चों, महिलाओं और अन्य निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर माहौल को उल्लास से भर दिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ गरिमापूर्ण ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। सोसाइटी के निवासियों ने तिरंगे को नमन करते हुए देश के स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनिर्माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। परिसर में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को देशप्रेम और गौरव से भर दिया। बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और नींबू दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ हिस्सा लिया। बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रप्रेम से जुड़े सुंदर चित्र बनाकर अपनी रचनात्मकता दिखाई। देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बना। तिरंगे की शान, देशभक्ति गीतों और मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना दिया। हरियाली तीज 2026 के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 300 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत ढोल, तिलक और पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। इसके बाद एकल और सामूहिक नृत्य, गायन, कविता और शायरी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विभिन्न महिला समूहों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। समारोह का विशेष आकर्षण ‘मिसेज तीज 2026’ रैंप वॉक और सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता रही। पारंपरिक परिधानों में सजी प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और गरिमा के साथ रैंप पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सर्वश्रेष्ठ परिधान, केश सज्जा, श्रृंगार, आत्मविश्वास और रैंप वॉक सहित अलग-अलग श्रेणियों में प्रतिभागियों का चयन किया गया। मनोरंजक खेलों और अचानक आयोजित की गईं विभिन्न गतिविधियों ने महिलाओं के उत्साह को और बढ़ाया। स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज के इन आयोजनों ने सोसाइटी में देशप्रेम के साथ भारतीय संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया। राष्ट्रीय पर्व पर जहां बच्चों और निवासियों ने देश के प्रति अपने सम्मान और प्रेम को प्रस्तुतियों के माध्यम से व्यक्त किया, वहीं तीज समारोह में महिलाओं ने भारतीय परंपराओं और लोक संस्कृति को जीवंत किया। सोसाइटी के निवासियों ने दोनों आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर उन्हें सफल बनाया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन राष्ट्रीय पर्व और त्योहारों को यादगार बनाने के साथ लोगों को आपस में जोडऩे, प्रतिभाओं को मंच देने और सामुदायिक एकता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। एसजी शिखर हाइट्स में स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज का यह संयुक्त उत्सव देशभक्ति, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता की सुंदर मिसाल बन गया।


