प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने अफसरों को दिखाई विकास और जनसुविधाओं की राह-जाम से मुक्ति के लिए अतिक्रमण हटाने और सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश-एमएमजी अस्पताल पहुंचकर परखी स्वास्थ्य सेवाएं

गाजियाबाद। जनपद में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और जनसुविधाओं की हकीकत जानने के लिए प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार देर रात से मंगलवार तक व्यापक भ्रमण किया। रात में उन्होंने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ नगर कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। मंगलवार को विकास भवन में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। इसके बाद जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं को परखा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की सुरक्षा, सुविधा और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। प्रभारी मंत्री ने सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रात्रिकालीन पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने पुलिस की सक्रियता और विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया तथा स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत की। इसके बाद नगर कोतवाली पहुंचकर अभिलेखों और आवश्यक रजिस्टरों की जांच की। मंगलवार सुबह विकास भवन में उनका गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में विकास कार्यों तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
विकास कार्यों एवं प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक में धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस न करे। प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, मूलभूत सुविधाएं और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने पुलिस आयुक्त को संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त टीमें गठित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से अवैध अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाई जा सके। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी संचालकों की आजीविका प्रभावित न हो। उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था और जरूरी सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल चालक ही नहीं, बल्कि उसके परिवार की सुरक्षा से भी जुड़ा है। अधिकारियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि राशन कार्ड, पेंशन, स्वास्थ्य कार्ड और रोजगार के लिए ऋण सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। किसी भी जरूरतमंद को सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जल निगम, नगर निगम, सिंचाई और लोक निर्माण विभाग को जनसुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता पर कराने को कहा। उन्होंने सड़कों को गड्ढामुक्त, स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। किसानों की समस्याओं पर भी प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को गंभीरता से काम करने को कहा। उन्होंने समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पर्यावरण संरक्षण के लिए एकल उपयोग प्लास्टिक के उत्पादन और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। इसके तहत संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें बनाकर प्लास्टिक निर्माण करने वाली इकाइयों का निरीक्षण और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दोपहर करीब तीन बजे प्रभारी मंत्री जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचे। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और सीएमएस डॉ. राकेश ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मंत्री ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रहे उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी लेने के बाद उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को पीडि़त और दुखी मरीजों की सेवा करने का सौभाग्य मिलता है। मरीजों के लिए चिकित्सक का स्थान बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसलिए सभी चिकित्सक पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवा भाव से अपने दायित्व निभाएं तथा मरीजों को बेहतर उपचार और सम्मानजनक व्यवहार उपलब्ध कराएं। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक संजीव शर्मा, नंदकिशोर गुर्जर, डॉ. मंजू सिवाच, धर्मेश तोमर, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जनहित को सर्वोपरि रखते हुए विकास कार्यों और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।




