ट्रॉनिका सिटी में यूपीसीडा की भूमि से अवैध मजार हटाई गई, प्रशासन ने की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

गाजियाबाद। जनपद में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में जिला प्रशासन और यूपीसीडा ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपीसीडा की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित एक मजार को हटवा दिया। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र के सेक्टर-सी-1 स्थित ग्रीन बेल्ट में एक मजार का निर्माण किया गया था। जांच के दौरान यूपीसीडा ने पाया कि संबंधित निर्माण उसकी स्वामित्व वाली भूमि पर अवैध रूप से किया गया है। इसके बाद संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी कर निर्माण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि निर्धारित समयावधि के भीतर निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का निर्णय लिया। रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूर्व निर्धारित योजना के तहत अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मौके पर पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्रनाथ तिवारी स्वयं मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त पीएसी, आरएएफ तथा जनपद पुलिस के लगभग 300 से अधिक जवानों सहित कुल 400 से 450 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अभियान शुरू होने से पहले पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध या अव्यवस्था नहीं हुई और पूरा अभियान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्रवाई के बाद संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त घोषित कर दिया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं लोनी उपजिलाधिकारी दीपक सिंघनवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के नेतृत्व में जनपदभर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने कहा कि संबंधित निर्माण को अवैध पाए जाने के बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण कराने वाले व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भूमाफियाओं, अवैध कब्जाधारकों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून के शासन को प्रभावी बनाना है। जनपद में विभिन्न स्थानों पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की पहचान कर उन्हें मुक्त कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या अतिक्रमण की सूचना संबंधित विभागों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। ट्रॉनिका सिटी में हुई इस कार्रवाई को जनपद में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



