जमीनी विवाद में महिला को घर से खींचकर पीटने का आरोप, बच्चों को जहर देने की धमकी
वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। खेसरहा थाना क्षेत्र के मंझरिया शिवगुलाम गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक महिला ने पड़ोस की मां-बेटी पर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर खुद और अपने बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। गांव निवासी नंदनी पत्नी बाबूराम ने दिए शिकायती पत्र में बताया कि 14 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे वह घर में खाना बना रही थी। आरोप है कि इसी दौरान इश्लावती और उसकी बेटी खुशबू घर पर पहुंचीं और गाली-गलौज करने लगीं। इसके बाद दोनों ने उसे घर से खींचकर बाहर निकाला और बच्चों के सामने लात-घूंसों व डंडे से मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने उसे और उसके बच्चों को जहर देकर जान से मारने की धमकी दी।
शोर सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसे बचाया। नंदनी के अनुसार, पति के रोजी-रोटी के लिए मुंबई रहने के कारण वह बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती है। आरोप है कि जमीनी विवाद को लेकर पहले भी उसके साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। शिकायत के बाद कथित तौर पर सुलह-समझौता करा दिया गया। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह डर के कारण बच्चों को लेकर मायके चली गई है। उसने मारपीट की घटना का वीडियो भी मोबाइल में होने का दावा किया है। शिकायती पत्र में उसने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।



