घर बैठे स्व-गणना कर नागरिक निभाएं राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी : जिलाधिकारी-कलेक्ट्रेट में बना जनगणना सेल्फी प्वाइंट, जागरूक नागरिक बन रहे प्रेरणा स्रोत

गाजियाबाद। भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना-2027 के अंतर्गत पहली बार डिजिटल माध्यम से स्व-जनगणना की सुविधा प्रारंभ की गई है। इस ऐतिहासिक पहल को सफल बनाने के लिए जनपद गाजियाबाद में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ एवं जिला जनगणना अधिकारी सौरभ भट्ट के निर्देशन में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर सकें। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों को डिजिटल जनगणना के महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। इसी उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में जनगणना सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया है, जहां स्व-जनगणना पूर्ण करने वाले नागरिक सेल्फी लेकर अन्य लोगों को भी जागरूक और प्रेरित कर रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि जनभागीदारी के माध्यम से ही यह अभियान सफल बनाया जा सकता है। जिला प्रशासन के अनुसार 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक नागरिक आधिकारिक जनगणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर घर बैठे स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले नागरिकों को पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर, ईमेल पहचान, नाम तथा भाषा का चयन कर पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के बाद मोबाइल पर प्राप्त एकबारगी पासवर्ड के माध्यम से आगे की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। स्व-जनगणना के दौरान सही वर्तमान पता एवं सही भौगोलिक स्थिति दर्ज करना अत्यंत आवश्यक बताया गया है। पोर्टल पर उपलब्ध मानचित्र विकल्प को खोलकर नागरिकों को अपने घर की वास्तविक स्थिति को केंद्र बिंदु पर निर्धारित करना होगा, जिससे जनगणना से संबंधित आंकड़े सही रूप में दर्ज किए जा सकें। इसके बाद नागरिकों को अपने आवास से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी। इसमें मकान की स्थिति, रसोई गैस सुविधा, शौचालय एवं स्नानघर व्यवस्था, विद्युत सुविधा, दूरदर्शन, संगणक तथा अन्य घरेलू सुविधाओं से संबंधित विवरण शामिल हैं। परिवार प्रमुख की विस्तृत जानकारी दर्ज करनी होगी, जबकि अन्य सदस्यों की केवल संख्या दर्ज की जाएगी। ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात नागरिकों को स्व-गणना पहचान संख्या प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जब जनगणना कार्मिक घर-घर सर्वेक्षण के लिए पहुंचेंगे, तब यह पहचान संख्या उपलब्ध करानी होगी। इससे पहले से दर्ज जानकारी सीधे प्रणाली में समन्वित हो जाएगी और दोबारा विवरण देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के सही वितरण और विकास की दिशा तय करने में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रत्येक नागरिक को इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए डिजिटल जनगणना को सफल बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।



