गंगा का बढ़ता जलस्तर: डीएम कविता मीना व एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने ब्रजघाट का किया निरीक्षण, कांवड़ियों से की सीधी बातचीत

वेलकम इंडिया राजेंद्र सिंह वरिष्ठ
हापुड़ गढ़मुक्तेश्वर। सावन माह में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी कविता मीना एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने गुरुवार को गढ़मुक्तेश्वर स्थित ब्रजघाट पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्नान घाटों पर कांवड़ यात्रियों के लिए की गई सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पुलिस तैनाती, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।इस दौरान जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना ने गंगा स्नान कर रहे कांवड़ियों से सीधे संवाद कर घाट पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि गंगा का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। प्रत्येक कांवड़िए की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर लगातार निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन एवं पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहें।जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तत्काल ड्यूटी पर तैनात पुलिस अथवा प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें।

