ग़ाज़ियाबाद

क्रॉसिंग रिपब्लिक की बिजली समस्याओं पर मंथन,लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और बिजली कटौती के मुद्दे प्रमुखता से उठे

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में लगातार सामने आ रही विद्युत समस्याओं के समाधान को लेकर गोल्फ कोर्स परिसर में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, विभिन्न आवासीय सोसाइटियों के प्रतिनिधियों तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भाग लेकर बिजली व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। क्षेत्रवासियों ने बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और अन्य तकनीकी खामियों को प्रमुखता से उठाते हुए इनके स्थायी समाधान की मांग की। बैठक के दौरान नागरिकों ने बताया कि बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे शहरी विकास के बीच विद्युत व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है, जिसके कारण आए दिन उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने कहा कि नियमित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति किसी भी विकसित क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकता है, इसलिए इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। इस अवसर पर शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि क्रॉसिंग रिपब्लिक गाजियाबाद का तेजी से विकसित होता हुआ क्षेत्र है और यहां रहने वाले नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में आ रही सभी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को बिजली संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी पवन अग्रवाल ने भी क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि विभाग जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक तकनीकी सुधार और व्यवस्थागत कदम उठाने का आग्रह करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की संतुष्टि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक के दौरान विभिन्न सोसाइटियों के प्रतिनिधियों ने बिजली ढांचे को और मजबूत बनाने, शिकायत निवारण व्यवस्था को प्रभावी करने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने जैसे कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। इन सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई और उन्हें व्यवहारिक रूप से लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, सामाजिक प्रतिनिधि और विभिन्न सोसाइटियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और विद्युत विभाग के संयुक्त प्रयासों से लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और क्रॉसिंग रिपब्लिक के लोगों को बेहतर विद्युत सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button