कांवड़ यात्रा में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा हेतु निष्काम सेवा जत्था समिति द्वारा सेफ्टी बेल्ट का वितरण

अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान दिन-रात सड़क पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निष्काम सेवा जत्था समिति द्वारा एक सराहनीय अभियान चलाया गया। समिति ने कांवड़ मार्ग पर विभिन्न डिवाइडर कट, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर तैनात पुलिसकर्मियों को रिफ्लेक्टिव सेफ्टी बेल्ट पहनाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया। रात्रि के समय अथवा कम रोशनी में यह रिफ्लेक्टिव सेफ्टी बेल्ट वाहनों की हेडलाइट की रोशनी में दूर से ही चमकती है, जिससे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी स्पष्ट दिखाई देते हैं और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है। समिति के संस्थापक जसमीत सिंह ने बताया कि निष्काम सेवा जत्था समिति का उद्देश्य उन पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) गाजियाबाद श्री सुरेन्द्र नाथ तिवारी, उपजिलाधिकारी मोदीनगर सुश्री कोमल पंवार, सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा एवं प्रभारी निरीक्षक मोदीनगर आनंद प्रकाश निष्काम सेवा जत्था समिति के साथ कांवड़ मार्ग के विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर पहुंचे तथा पुलिसकर्मियों को रिफ्लेक्टिव सेफ्टी बेल्ट वितरित कर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। नगर पालिका परिषद मोदीनगर के चेयरमैन विनोद वैशाली ने नगरपालिका क्षेत्र में चलाए जा रहे निष्काम सेवा जत्था समिति के इस सुरक्षा अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि समाजिक संस्थाओ और प्रशासन के सहयोग से संचालित ऐसे जनहितकारी प्रयास पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ जनसुरक्षा को भी सुदृढ़ करते हैं। इस सेवा अभियान में निष्काम सेवा जत्था समिति के संरक्षक धीरज कालरा, संस्थापक जसमीत सिंह, वरिष्ठ सदस्य ट्विंकल बत्रा, राहुल बाबा, रविंद्र सिंह, हरसिमर सिंह एवं मनजोत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

