शहर-राज्य

कहीं धान के नाम पर कटौती तो कहीं पंजीकरण के नाम पर वसूली का आरोप

किसान यूनियन ने प्रशासन से मांगा जवाब, आवारा पशुओं पर भी जताया आक्रोश

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत। धान खरीद में कथित अनियमितताओं,किसानों से अवैध वसूली और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने मंगलवार को आवाज उठाई। संगठन के पदाधिकारियों ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपकर विभिन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कलीनगर स्थित एसआर एग्री फूड्स और एसआर हाईटेक सीड्स राइस मिलों में धान खरीद के नाम पर किसानों से कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है। संगठन का कहना है कि किसानों से प्रति क्विंटल एक किलो धान और दो रुपये सीडी के नाम पर लिए जा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके साथ ही दोनों मिलों में हजारों क्विंटल धान का अवैध रूप से भंडारण किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। किसान यूनियन ने संबंधित विभाग से दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में कजरी निरंजनपुर क्षेत्र के लेखपाल शिशुपाल यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। संगठन के मुताबिक, लेखपाल द्वारा धान पंजीकरण के नाम पर किसानों से रुपये मांगे जा रहे हैं। किसानों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की शिकायत भी ज्ञापन में की गई है। यूनियन ने मामले की जांच कराकर किसानों को राहत दिलाने की मांग उठाई।इसके अलावा क्षेत्र में घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए उन्हें पकड़कर गौशालाओं में भिजवाने की मांग की गई। किसान नेताओं का कहना है कि आवारा पशु खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति हो रही है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसान यूनियन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।इस दौरान जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह, तहसील अध्यक्ष जगराम सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button