एकेटीयू दीक्षांत समारोह में एमआईईटी के स्टार्टअप को मिला अवार्ड

उज्ज्वल रस्तौगी मेरठ
- एक्सआर और एआई आधारित नवाचार के लिए ‘वेक्सर इमर्सिव प्रा. लि.’ सम्मानित
मेरठ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ के 24वें दीक्षांत समारोह में मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के विद्यार्थियों ने स्टार्टअप नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। विश्वविद्यालय की ओर से उत्तर प्रदेश के पांच उत्कृष्ट स्टार्टअप्स को सम्मानित किया गया, जिनमें वीमेन-लेड स्टार्टअप श्रेणी में एमआईईटी की छात्रा इर्तिका रहमान अंसारी और यश तोमर के स्टार्टअप वेक्सर इमर्सिव प्रा. लि. को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
लखनऊ में आयोजित समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्य अतिथि आईओसीएल के चेयरमैन अरविंद सिंह साहनी, प्राविधिक शिक्षा मंत्री ई. आशीष पटेल, प्रमुख सचिव डॉ. एम.के. शनमुगा सुंदरम तथा एकेटीयू के कुलपति डॉ. जे.पी. पांडेय की उपस्थिति में विजेताओं को सम्मानित किया।
वेक्सर इमर्सिव प्रा. लि. एक्सआर (वर्चुअल, ऑगमेंटेड एवं मिक्स्ड रियलिटी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित एडटेक स्टार्टअप है, जो विद्यार्थियों को एआई-संचालित वर्चुअल लैब के माध्यम से व्यावहारिक शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। स्टार्टअप ने गाजियाबाद जल निगम के लिए जल संरक्षण जागरूकता संबंधी वीआर सिमुलेशन तथा फायर सेफ्टी एवं इमरजेंसी इवैक्यूएशन प्रशिक्षण के लिए भी इमर्सिव समाधान विकसित किए हैं।
इस उपलब्धि पर एमआईईटी के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, बरखा अग्रवाल, कैंपस निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह तथा एसीआईसी एमआईईटी फाउंडेशन के सीईओ रेहान अहमद ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



