स्कूल जा रही छात्रा को ट्रक ने कुचला, मौत के बाद सड़क जाम, चालक फरार

असदुल्लाह सिद्दीकी
त्रिलोकपुर/सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बेलवा-दरियाबख्श गांव के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रही कक्षा नौ की छात्रा की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जबकि खलासी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क किनारे रखकर बैरिकेडिंग कर शाहपुर-सिंगारजोत मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और ट्रक चालक व मालिक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। जानकारी के अनुसार, बेलवा दरियाबख्श निवासी करिश्मा (16) पुत्री गौतम वरुण प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह साइकिल से संत मौनी दास इंटर कॉलेज, विशुनपुर हरि पढ़ने जा रही थी। बिजौरा से डुमरियागंज की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर बिजौरा पुलिस चौकी और त्रिलोकपुर थानाध्यक्ष हरिकृष्ण उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक और उसके खलासी को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी। काफी समझाने-बुझाने और स्थानीय संभ्रांत लोगों के सहयोग से जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।





