शोषित, पीड़ित और वंचितों की बुलंद आवाज थे भालचंद यादव : डॉ. रागिनी सोनकर….

सातवीं पुण्यतिथि पर पैतृक गांव भागता में उमड़ा जनसैलाब, नेताओं ने पूर्व सांसद के संघर्ष और जनसेवा को किया याद….
संतकबीरनगर।
पूर्वांचल की सियासत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले पूर्व सांसद स्व. भालचंद यादव की सातवीं पुण्यतिथि पर रविवार को उनके पैतृक गांव भागता में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्षों और जनसेवा को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा की मुख्य अतिथि मछलीशहर की सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि भालचंद यादव शोषित, पीड़ित और वंचित तबके की बुलंद और क्रांतिकारी आवाज थे। उन्होंने नेता जी के समय से ही अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया। आज वे भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके प्रति लोगों का जुनून इस बात का प्रमाण है कि उनका संघर्ष और क्रांतिकारी व्यक्तित्व आज भी लोगों के दिलों में जीवित है।
पूर्व मंत्री एवं बस्ती सांसद राम प्रसाद चौधरी ने कहा कि भालचंद यादव के क्रांतिकारी अंदाज की गूंज देश और प्रदेश की राजधानी तक सुनाई देती थी। वे गरीबों, पीड़ितों और मजलूमों की मजबूत आवाज थे और हमेशा उनके हक की लड़ाई लड़ते रहे।
सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने कहा कि कबीर की धरती पर स्व. भालचंद यादव संघर्ष और विकास की प्रेरणा हैं। उन्होंने हमेशा संतकबीरनगर को नई पहचान दिलाने के लिए संघर्ष किया और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद के पुत्र सुबोध यादव ने श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर पूर्व MLC संतोष यादव सनी, जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम, गौहर अली खान, पूर्व विधायक राजमणि पांडेय, मोहम्मद अहमद, केडी यादव, रामवृक्ष यादव, प्रमोद यादव, अंकिता बॉबी सहित हजारों लोगों ने स्व. भालचंद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गिरजेश यादव ने किया।




