शहर-राज्य

विषैला पदार्थ खाने से संदिग्ध हालत में हुई विवाहित महिला की मौत

राजीव मोंगरा
दैनिक वेलकम इंडिया
सहारनपुर। विवाहित महिला 28 वर्षीय सोनिका की विषैला पदार्थ खा लेने से संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मामला थाना गंगोह के कलालहटी गांव का है।
मृतका के भाई की सूचना पर गंगोह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फायर बिग्रेड की गाड़ी से चिता बुझवाई और शव के जो भी अवशेष मिले उनका पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंगोह के पुलिस उपाधीक्षक अशोक सिसौदिया और पुलिस निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है और जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम चल रहा है। सीओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि डायल-112 पर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला की जहर खिलाकर जान ले ली गई और ससुरालिए बिना मायके वालों को सूचित किए शव का अंतिम संस्कार कर रहे हैं। पुलिस निरीक्षक संजीव कुमार और सीओ अशोक सिसौदिया पुलिस बल को लेकर मौके पर गए और शव के अवशेषों का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीओ अशोक सिसौदिया ने आज बताया कि आठ वर्ष पूर्व सोनिका का विवाह गांव कलालहटी निवासी अमित शर्मा के साथ हुआ था। इनके सात और पांच साल को दो बच्चे भी हैं। मृतका के भाई हिमांशु शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उनकी बहन की हत्या सोनिका के पति और ससुरालियों ने जहर देकर कर दी है। पुलिस को इस मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने मृतका के घर जाकर घटनास्थल से सल्फास का खाली पैकेट बरामद किया। मौके पर किसी तरह का कोई सुसाइट नोट नहीं मिला। सीओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि कल सोनिका के जहर खा लेने के बाद उपचार के लिए सहारनपुर के जगदंबा अस्पताल में लेकर गए जहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया था। रास्ते में ही सोनिका ने दम तोड़ दिया। उसके ससुरालिए आनन-फानन में शव को गांव ले आए और चुपचाप उसका अंतिम संस्कार करने में जुट गए। किसी तरह मृतका के भाई हिमांशु शर्मा को सूचना मिली। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तो चिता धू-धूकर जल रही थी। फायर बिग्रेड की गाड़ी बुलाकर चिता को बुझाकर अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button