ग़ाज़ियाबाद

वाहन संबंधी कामों के लिए नहीं लगाने होंगे दफ्तरों के चक्कर, एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई सुविधाएं 

गाजियाबाद। वाहन स्वामियों और आम नागरिकों को परिवहन विभाग से जुड़े कामों के लिए अब अलग-अलग काउंटरों और कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संभागीय परिवहन कार्यालय की ओर से शनिवार, 31 अक्टूबर को सारथी भवन परिसर में परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में वाहन स्वामियों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करने के साथ विभाग की विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य लंबित मामलों का समाधान, विभागीय सेवाओं को सरल बनाना और बकाया राजस्व की वसूली को बढ़ावा देना है।
मेले में वाहन स्वामियों को लंबित कर और अन्य बकाया धनराशि जमा करने की सुविधा मिलेगी। नियमानुसार पात्र वाहनों पर शास्ति में छूट का लाभ भी दिया जाएगा। इसके अलावा नए वाहनों का पंजीकरण, पंजीकरण संबंधी प्रक्रियाएं, वाहन फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी कराने और नवीनीकरण के साथ नए परमिट तथा परमिट नवीनीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। परिवहन मेले में तत्काल लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने की सुविधा भी मिलेगी। वाहन पंजीकरण प्रमाण-पत्र (आरसी) में मोबाइल नंबर अपडेट कराने, वाहन का स्वामित्व हस्तांतरित करने, ऑनलाइन आवेदन और जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन से जुड़े काम भी किए जाएंगे। कबाड़ घोषित पुराने वाहनों के स्थान पर नया वाहन पंजीकृत कराने के इच्छुक लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। एक अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत वाहनों में उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। निजी वाहनों को व्यावसायिक उपयोग में बदलने की प्रक्रिया तथा इससे जुड़े परमिट, फिटनेस और बीमा संबंधी नियमों के बारे में मार्गदर्शन मिलेगा। विभागीय योजनाओं और ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी देने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को एक ही परिसर में अपनी जरूरत के अनुसार सुविधा मिल सके। संभागीय परिवहन कार्यालय की ओर से वाहन स्वामियों और नागरिकों से अपील की गई है कि वे शनिवार को सारथी भवन परिसर में आयोजित परिवहन मेले में पहुंचकर सेवाओं का लाभ उठाएं। संबंधित कार्यों के लिए जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आने को कहा गया है, जिससे आवेदन और लंबित मामलों का निस्तारण मौके पर किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button